शाहगंज (जौनपुर) मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर गलतियों को दुरुस्त कराने तक प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर एसडीएम शाहगंज अंकुर वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र 365-शाहगंज के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बूथों पर मौजूद मतदाता सूची को आम नागरिकों के सामने पढ़कर सुनाने और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराने के निर्देश दिए। वहीं मृतक मतदाताओं और नियमानुसार अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए फॉर्म-7 के जरिए कार्रवाई करने को कहा।
एसडीएम ने पुरा संभलशाह, पिपरौल, लालापुर, फतेहगढ़, शेरपुर, अशरफगढ़, खुटहन और नगर पालिका शाहगंज समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कराने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें।
एसडीएम के इस निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन का पूरा जोर मतदाता सूची को दुरुस्त करने और हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिलाने पर है।

0 Comments