शाहगंज में धूमधाम से मनाई गई श्री मोदनसेन जी महाराज की जयंती, युवा कार्यकारिणी ने ली शपथ
शाहगंज। समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती का दिखा अनूठा संगम... शाहगंज में श्री मोदनसेन जी महाराज की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस मौके पर न सिर्फ भव्य धार्मिक आयोजन हुआ, बल्कि युवा मोदनवाल समाज की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान और एकता के लिए काम करने का संकल्प लिया।
श्रीराम जानकी मंदिर श्री संगत जी परिसर, संगत नगर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं दूसरे दिन अक्षय नवमी के अवसर पर श्री मोदनसेन जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मोदनवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास मोदनवाल मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि डीपी गुप्ता और बृजेश गुप्ता रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश मोदनवाल ने की।
इस दौरान नवनिर्वाचित युवा अध्यक्ष आदित्य मोदनवाल समेत युवा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। अतिथियों ने युवाओं से समाज की एकता बनाए रखने और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। वहीं समाज के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष अनिल कुमार मोदनवाल, महामंत्री शिवेंद्र कुमार मोदनवाल, युवा अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अतुल मोदनवाल (चंदन), महिला अध्यक्ष शालू मोदनवाल, कोषाध्यक्ष नारायण विष्णु मोदनवाल, जिला अध्यक्ष दिनेश मोदनवाल सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। अंत में अध्यक्ष अनिल मोदनवाल ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

0 Comments